बरेली। विश्व हिंदू परिषद ने बरेली में कुछ नए चेहरों को संगठन में अहम जिम्मेदारियां दी हैं। तेजतर्रार सुमित सक्सेना को गौरक्षा प्रमुख महानगर बरेली का दायित्व सौंपा गया है, तो राजकुमार राजपूत को विभाग उपाध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के बरेली विभाग प्रचारक आनंद जी की मौजूदगी में रविवार को हुई सांगठनिक विस्तार की बैठक में नए पदाधिकारियों के नामों का ऐलान किया गया।
विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री डॉ. मणिकांत शर्मा ने बैठक में बताया कि बरेली-बदायूं विभाग में राजकुमार राजपूत उपाध्यक्ष, कमल किशोर शर्मा सह मंत्री, सुधीर अग्रवाल मठ मंदिर प्रमुख और डीके जैन सह सेवा प्रमुख की जिम्मेदारी संभालेंगे। महानगर बरेली में राजेश पाठक विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष, संजीव गुप्ता सहमंत्री, सुमित सक्सेना गौरक्षा प्रमुख, श्यामप्रताप सक्सेना परावर्तन प्रमुख धर्म प्रसार, नीरज गुप्ता धर्म प्रसार कोषाध्यक्ष,राजीव मिश्रा अध्यक्ष धर्म प्रसार, करन दीवान सोशल मीडिया प्रमुख, मनीष माथुुुर प्रचार प्रमुख, भरत कवलानी विशेष संपर्क प्रमुख की भूमिका संभालेंगे।
बजरंग दल में नीरज चौरसिया सह संयोजक महानगर, नमन पांडे सह संयोजक महानगर, नितिन शर्मा गौरक्षा प्रमुख,शनि कश्यप बाल उपासना प्रमुख, चंद्रप्रभा मातृशक्ति प्रमुख, सांगठनिक जिला बहेड़ी में कामेश पांडेय कोषाध्यक्ष, नीतेश उपाध्यक्ष जिला संयोजक, गुरुदत्त जिला उपाध्यक्ष और सचित गुप्ता विशेष संपर्क प्रमुख बनाए गए हैं।
इससे पहले बरेली विभाग प्रचारक आनंद जी ने बैठक को सम्बोधित करते हुए पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को संघ-संगठन की नीतियों के साथ अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को समझना चाहिए कि उनके ऊपर देश-धर्म रक्षा की सामूहिक जिम्मेदारी है। कोरोना काल में जिस तरह से अपनी जान जोखिम में डालकर संघ, वीएचपी और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने लोगों की सेवा की, उसने सेवा और संस्कार की नई मिसाल कायम की है। संघे शक्ति कलियुगे का भाव पूरे दुनिया को नई दिशा दे रहा है।
विभाग संगठन मंत्री रामाशंकर जी ने सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्व समझाते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों को प्रखंड स्तर पर टीम बनाकर नए जोश के साथ समाज, धर्म और देश सेवा में जुटना है। बरेली-बदायूं विभाग अध्यक्ष पवन कुमार अरोड़ा ने पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सभी से संगठन को हर स्तर पर मजबूत करने में काम में जुटने की अपील की। प्रांत गौरक्षा प्रमुख पंडित जगदीश प्रसाद दीक्षित ने गौरक्षा एवं गौ सेवा पर विस्तार से बातचीत की। उन्होंने कहा कि किसानों को गौ आधारित खेती करने के लिए प्रोत्साहित कर ही गौरक्षा की जा सकती है। गाय पालकर न सिर्फ विषमुक्त खेती की जा सकती है, बल्कि गोबर और गौमूत्र से तमाम तरह के हर्बल उत्पाद बनाकर आर्थिक तरक्की के रास्ते भी खोले जा सकते हैं। देश में बड़ी संख्या में लोग ऐसा कर रहे हैं और विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। इस मौके पर आंवला जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, बहेड़ी जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार, महानगर अध्यक्ष आशू अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खबरची/ अमित नारायण शर्मा