भमोरा : आकाश में तडतडाई बिजली भमोरा के गाँव बल्लिया के पास एक खेत में काम कर रहे दो मजदूरों के ऊपर गिरी और उनकी मौत का कारण बन गई। घटना की सूचना जब मजदूरों के परिजनों को लगी तो घरों में कोहराम मच गया। घटना के बारे में जिसने सुना घटना स्थल की ओर दौड़ पड़ा। सूचना पर पहुँची पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिए।
बताते चले, मिलक मझरा के शेर सिंह पुत्र मंगली राम मौर्य 36 वर्ष व करन सिंह लोधी पुत्र नत्थू लाल 35 वर्ष मजदूरी कर अपने परिवारों का पालन पोषण करते थे। बुद्धवार को दोनों साथ-साथ घर से बल्लिया के निकट एक खेत पर मजदूरी करने गए। शेर सिंह व करन सिंह सिरसा के बीरेंद्र टेलर के खेत पर गोभी की नराई कर रहे थे कि एकाएक आकाश में बिजली तडतडाती हुई गिरी जिसकी चपेट में दोनों मजदूर आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मजदूरों पर बिजली गिरती देख दूसरे खेतों पर काम कर रहे लोगों की रूह काँप गई। घटना के बाद मौके पर पहुँचे लोगों ने सूचना पुलिस को दी।
परिजनों को मिली सूचना तो मच गया कोहराम
सूचना पर पहुँचे एसओ बिक्रम सिंह ने दोनों के घर पर सूचना दी तो दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया। रोते-चीखते परिजन घटना स्थल की ओर दौड़े जहाँ दोनों के झुलसे शरीर देख बिलख पड़े।
अंधे माता-पिता का सहारा था करन
करन सिंह चार भाईयों मे सबसे बड़ा था पर अविवाहित था और उसके अंधे माता-पिता उसके पास रहते थे, वही उनका सहारा था। मेहनत-मजदूरी कर करन अपने माता-पिता की रोटी जुटाता था। करन सिंह की मौत होने की सूचना जब उसके अंधे माता-पिता को मिली तो मानो बज्रपात ही टूट पड़ा हो। दोनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था।
चार बच्चों का पिता था शेर सिंह
शेर सिंह मौर्य के तीन बेटे व एक बेटी है। घटना की सूचना पर शेर सिंह की पत्नी प्रवेश व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।
एसओ विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों मजदूरों के शवों को कब्जे में लिया गया है जिनका पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा गया है।