बरेली/ क्योलड़िया। धान तोलने में क्रय केन्द्रों पर हो रही मनमानी से किसानों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। क्योलड़िया क्षेत्र के कुलुआ गांव में बने सेंटर पर परेशान किसानों ने सेंटर इंचार्ज को दौड़ा लिया। केन्द्र प्रभारी किसानों के तेवर सेंटर छोड़कर भाग गया। तुलाई ठप हो गई है। किसानों ने कहा की अगर केंद्र पर उनके धान की तौल नहीं हुई तो वह तहसील में आकर धरना देंगे। प्रशासन ने किसानों के प्रदर्शन के बाद केन्द्र प्रभारी को हटा दिया है।
क्योलड़िया में धान की तौल कराने को सात क्रय केंद्र खोले गये। फुलबैया, नकटी नारायणपुर, क्योलड़िया, अम्बरपुर में तो केंद्र पर किसान तो पहुंच रहे हैं लेकिन क्रय केंद्रों पर तौल तो दूर केंद्र प्रभारी ही ढूंढे से नही मिलते। किसान धान की तौल को भटक रहे हैं। ज्योतजागीर और कुलुआ में लगे क्रय केंद्र पर किसानों के धान की तौल तो शुरू हुई लेकिन वहाँ भी रोजाना किसानों को धान में नमी,और बारदाना की कमी का बहाना बनाकर वापस लौटा दिया जा रहा है। मंगलवार को कुलुआ गांव के क्रय केंद्र पर जब किसान रंजीत यादव,रमेश,ब्रहम्पाल, दिनेश कुमार आदि अपना धान ट्रैक्टर से लेकर पहुंचे तो केंद्र प्रभारी और किसानों में नोकझोंक हो गयी।
किसान धान की तौल नहीं होने से नाराज केंद्र प्रभारी से ही भिड़ गये। जब केंद्र प्रभारी ने बारदाना नहीं होने का बहाना बनाया तो नाराज किसानों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने केंद्र प्रभारी की शिकायत अधिकारियों से कर दी। लेकिन बावजूद इसके केंद्र प्रभारी ने पूरे दिन टालमटोल करने के बाद जब धान की तौल से इंकार कर दिया तो फिर किसानों का पारा चढ़ गया। और नाराज किसानों ने केंद्र प्रभारी को दौड़ा दिया। किसानों ने कहा कि जब तक उनके धान की तौल नहीं होगी तब तक वह केंद्र से अपने धान लेकर घर नहीं जायेंगे। उधर बुधवार को किसानों के गुस्से को देखते हुए केंद्र प्रभारी केंद्र पर नहीं पहुंचा। जिस पर पूरे दिन किसान अपने धान की तौल को लेकर अधिकारियों को फोन लगाते रहे। जिला पंचायत सदस्य शशि कपूर ने डीआरओ को फोन कर किसानों की समस्या के बारे में बताया तो उन्होंने कहा कि वह किसानों के धान की तौल करायेंगे। उधर किसानों ने अल्टीमेटम दिया है कि अगर उनके धान की तौल नही हुई तो वह तहसील में प्रदर्शन करेंगे। डीआरओ सुनील भारती ने बताया कि कुलुआ में केंद्र प्रभारी और किसानों में तकरार हुई है। इसके बाद केंद्र प्रभारी को हटा दिया गया है। दूसरे केंद्र प्रभारी को क्रय केंद्र पर भेजकर किसानों के धान की तौल करायी जायेगी। हर कीमत पर किसानों के धान की तौल होगी। क्योलड़िया का क्रय केन्द्र पर भी गुरुवार से तौल करायी जायेगी।
खबरची/ शकील अहमद अंसारी