बरेली। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में हताश भाजपा को ऐसे वक्त में अपना मुख्यमंत्री बदलना पड़ा, जब अगली साल विधानसभा चुनाव होने वाले है। बदलाव का ये संकेत शुभ है और अब अगला नंबर उत्तरप्रदेश का है। अखिलेश मुरादाबाद जाते समय बरेली एयरपोर्ट पर मीडिया से मुखातिब थे।
सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत बद से बदतर हो गई है। शायद ही ऐसा कोई दिन जा रहा हो, जब राज्य के अंदर हत्या, लूट, रेप, डकैती की वारदातें न हो रही हों। पुलिस का काम कानून व्यवस्था सुधारना होता है मगर मुख्यमंत्री ने पुलिस को सब काम छोड़कर राजनैैैैतिक लोगों के पीछे लगाया हुआ है। ईमदानदार अधिकारियों को घरों पर बिठाकर रखा गया है। ऐसे में यूपी के हालात कैसे सुधर सकते हैं।
अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब दूसरों के कामों में सेल्फी खिचाने में लगे हैं। बरेली का एयरपोर्ट दो साल पहले शुरू हो जाना चाहिए था। जमीन अधिग्रहण के साथ एयरपोर्ट निर्माण को पैसा भी समाजवादी सरकार दे चुकी थी, इसके बाद भी भाजपा सरकार इसे समय पर शुरू नहीं करा सकी। बरेली के लिए अच्छी बात है कि उसे देर से ही सही मगर एयरपोर्ट की सुविधा मिल गई है। मुरादाबाद में नेताजी मुलायम सिंह यादव ने हवाई पट़टी शुरू कराई थी। उस पर भाजपा सरकार अब तक कोई काम आगे नहीं बढ़ा सकी है। अखिलेश बोले, उत्तराखंड में चार साल बाद मुख्यमंत्री बदल दिए जाने से भाजपा की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस बदलाव को वह शुभ संकेत मानते हैं। देख लेना अगला नंबर अब इसी तरह उत्तर प्रदेश का होगा।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव रुहेलखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान वह बरेली से मुरादाबाद, रामपुर और संभल में वह आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर खास राजनैतिक संदेश देंगे। शुक्रवार को रामपुर से लखनऊ के लिए साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अखिलेश के स्वागत में बरेली से मुरादाबाद तक समाजवादियों की भारी भीड़ सड़कों पर नजर आ रही है। पिछले दिनों अखिलेश बरेली के दौरे पर आए थे तो उन्होंने कई राजनैतिक चेहरों के यहां जाकर खास राजनैतिक संदेश दिया था। समाजवादी पार्टी के बरेली में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में वह राज्य और केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी पर खासे आक्रामक नजर आए थे। उसी तरह बुुुुुुुधवार में मीडिया से बात करते सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर तल्ख अंदाज में निशाना साधा। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्या, महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी, पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष जफर बेग, मुलायम सिंह यादव यूथ बिग्रेड के नि. राष्ट्रीय महासचिव सूरज यादव, जिला सचिव नूतन शर्मा के साथ पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, विजयपाल सिंह, उपाध्यक्ष शमीम अहमद, यादव बरेली कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भूपेन्द्र कुर्मी, डॉ. अनीस बेग, कलीमुद़दीन, प्रवक्ता मयंक शुक्ला मोंटी व सुधीर राजपूत प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सपाइयों ने जोरदार तरीके से अखिलेश यादव का स्वागत किया।
मीरगंज-पश्चिमी में अखिलेश यादव के स्वागत में जुटी भारी भीड़
बरेली से मुरादाबाद जा रहे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के स्वागत में भारी भीड़ उमड़ी। फतेहगंज पश्चिमी में बड़ी संख्या में लोगों ने सपा प्रमुख का फूल वर्षा कर अखिलेश का स्वागत किया। इस दौरान भारी तादाद में मुस्लिम महिलाएं भी मौजूद रहीं। मीरगंज सिंंधौली चौराहे पर अखिलेश का स्वागत करने को शीशगढ़ चेयरमैन हाजी गुड़डू के नेतृत्व में लोगों का सैलाब नजर आया। अखिलेश ने वहां रुककर समाजवादियों का अभिवादन स्वीकार किया और इसके बाद मुरादाबाद रवाना हो गए।
खबरची ब्यूरो