बरेली। किसान संगठनों के भारत बंद का समर्थन कर रहे समाजवादी पार्टी के नेताओं ने दूसरे दिन भी बरेली में जमकर हल्ला-बोल किया। गांधी प्रतिमा पर धरना प्रदर्शन कर रहे सपाइयों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद यादव का सिर फूट गया। पुलिस ज्यादती का विरोध कर रहे सपा के पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार की पुलिस से जमकर कहासुनी हुई। भगवत सड़क पर लेट गए तो दरोगा-सिपाही उनको लगभग घसीटते हुए वहां से उठाकर ले गए और पुलिस लाइन पहुंचा दिया। सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्या, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी सहित के कई नेता और कार्यकर्ता गिरफ़तार किए गए हैं।
किसान संगठनों के बंद के समर्थन में सपाइयों ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए। एक दिन पहले किसान यात्रा निकालने को घरों से कूच कर रहे पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, जिलाध्यक्ष अगम मौर्या, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पूर्व विधायक महीपाल सिंह यादव, अताउर रहमान, महासचिव गौरव सक्सेना, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के पूर्व राष्ट्रीय सचिव सूरज यादव, प्रवक्ता मयंक शुक्ला मोंंटी, पूर्व प्रवक्ता डॉ. योगेश यादव, पूर्व उपाध्यक्ष प्रदीप मौर्या, हैदर अली, असलम धंतिया समेत सभी नेताओं को पुलिस ने अलग-अलग जगहों से अरेस्ट कर लिया था। कुछ घंटे बाद सभी को मुचलकों पर छोडा गया था। समाजवादी टीम इसके बाद किसान संगठनों के आज 8 दिसंबर को प्रस्तावित बंद के समर्थन में प्रदर्शन की रणनीति बनाने में जुट गई थी।
सुबह होते ही सपाई अलग-अलग जत्थों में मैदान में उतर आए। सपाइयों ने गांधी प्रतिमा पर धरना देने का ऐलान कर रखा था। पुलिस चकमा देकर जिलाध्यक्ष अगम मौर्या, महानगर महासचिव गौरव सक्सेना, पूर्व विधायक महीपाल सिंह यादव, प्रवक्ता मयंक शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अरविंद यादव, आदेश यादव गुड़डू, हैदर अली समेत कई नेता व कार्यकर्ता गांधी प्रतिमा तक पहुंचने में कामयाब हो गए।
सपाई वहां धरना प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसी बीच बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स वहां पहुंच गया। पुलिस सबको वहां से हटाने लगी तो सपाइयों ने हंगामा कर दिया। देखते-देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस ने बल लाठियां चलाना शुरू कर दीं। बलप्रयोग में सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद यादव का सिर फट गया और उनके कपड़े खून में सराबोर हो गए। कुछ और कार्यकर्ता भी चोटिल हो गए। पुलिस नेे सभी सपाइयों को अरेस्ट कर लिया और उनको पुलिस लाइन ले गई। पुलिस ने पूर्व मंत्री अताउर रहमान, अय़यूब अली आदि को भी गिरफ़तार कर लिया।
सपाइयों पर लाठीचार्ज की खबर मिलते ही पार्टी कार्यालय से महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी और पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार के नेतृत्व में पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रदीप मौर्या, महानगर उपाध्यक्ष शेर सिंह गंगवार, बीडी वर्मा आदि ने कलेक्ट्रेट कूच कर दिया। सपा का ये जत्था मैदान में उतरा तो भारी पुलिस बल ने सभी को मिशन कंपाउंड में घेर लिया। रोके जाने पर महानगर अध्यक्ष सुल्तानी और पूर्व मंत्री भगवत सरन की पुलिस अधिकारियो से तीखी नोंकझोंक शुरू हो गई। कहासुनी के बीच पूर्व मंत्री वहीं सड़क पर लेट गए। भारी विरोध के बीच पुलिस पूर्व मंत्री भगवत के साथ बाकी सपाइयों को वहां खींचते-घसीटते हुए गाड़ियों से पुलिस लाइन ले गई। समाचार लिखे जाने तक सभी सपाई पुलिस लाइन में बनाई अस्थाई जेल में बंद थे।
सपा के नौजवान नेताओं ने दिखाया आंदोलन में जोश
लंबे समय बाद समाजवादी पार्टी ने अनुभवी नेताओं का जोश और नौजवान चेहरों का जोश आंदोलन में जान डालता दिखाई दे रहा है। चुनावी रण के लिए हमेशा तैयार रहने वाले कुछ सीनियर नेताओं की आपसी कांट-छांट के बाद भी आंदोलन में भीड़ भी दिखी है और अपनी-अपनी तरह से नेताओं का जोश भी। मुलायम सिंह यादव यूथ बिग्रेड के पूर्व राष्ट्रीय सचिव सूरज यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष जफर बेग, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद बिष्ट, पूर्व प्रवक्ता डॉ. योगेश यादव और संजीव यादव किसानों के मुद्दे पर पार्टी की ओर से किये जा रहे आंदोलन में न सिर्फ मुखर दिखाई दे रहे हैं, बल्कि सपाई भीड़ प्रबंधन संभालने के साथ कार्यकर्ताओं का हौसला भी बढ़ा रहे हैं। दूसरे दिन भी ज्यादातर युवा नेता धरना-प्रदर्शन और पुलिस की सख्ती के बीच हर मोर्चे पर आगे दिखे।
एसपी देहात के गनर ने सिर में मारी राइफल बट: अरविंद यादव
लाठीचार्ज में घायल हुए सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि किसान यात्रा में जाते वक्त रोके जाने पर उनकी अफसरों से नोंकझोंक हुई थी। आज जब वह पार्टी के दूसरे नेताओं के साथ गांधी प्रतिमा पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे तो एसपी देहात वहां भारी पुलिस बल के साथ आ गए और बेवजह लाठीचार्ज शुरू करा दिया। एसपी देहात के गनर ने मेरे सिर में राइफल की बट मार दी, जिसे मुझे गंभीर चोट लगी और कपड़े खून में नहा गए। फोर्स ने महिला कार्यकर्ताओं से भी बहुत बदसलूकी की। उन्होंने अपना मेडिकल कराया है और पूरे मामले की डीआईजी से शिकायत कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व मंत्री भगवत बोले, पुलिस ने अमानवीयता की सभी हदें लांघीं
मुलायम सिंह यादव-अखिलेश यादव की सरकार में दो बार मंत्री और बरेली की नवाबगंज सीट से पांच बार विधायक रहे समाजवादी पार्टी के कद़दावर नेता भगवत सरन गंगवार ने कहा कि भाजपा राज में पुलिस अमानवीयता की सभी हदें लांघ रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सपा नेता और कार्यकर्ताओं पर बरेली में पुलिस ने बर्बर तरीके से लाठीचार्ज किया है। सरकार के इशारे पर पुलिस कितना ही दमन कर ले मगर समाजवादी हार नहीं मानेंगे। पार्टी मुखिया अखिलेश यादव की अगुवाई में किसान विरोधी और जनविरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ पूरी ताकत से जनांदोलन जारी रहेगा।
खबरची/ अजय शर्मा