मेरठ। यूपी के मेरठ में पुुुुलिस के साइबर सेल ने फर्जी वेबसाइट बनाकर वीजा दिलाने के नाम पर कई लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि अब तक दर्जनों पढ़े-लिखे लोगों को अपना शिकार बना चुका आरोपी खुद महज आठवीं पास है। पुलिस आरोपी के साथी दंपत्ति की तलाश में जुटी है।
एएसपी कैंट सूरज राय ने मीडिया को बताया मेरठ में शास्त्रीनगर ए ब्लॉक निवासी सागर गर्ग ने वीजा दिलाने के नाम पर खुद के साथ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद मेडिकल पुलिस और साइबर सेल इस मामले के खुलासे में जुटी हुई थीं। साइबर सेल ने कोलकाता में रेड करते हुए वहां के निवासी विश्वजीत पोल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान विश्वजीत ने बताया कि वह अपने साथी सम्राट पोडडर और उसकी पत्नी आई लियान लिन के साथ मिलकर कोलकाता में एक फर्जी वेबसाइट चला रहा था। इस वेबसाइट पर लोगों को सस्ती दरों पर विदेशों का वीजा उपलब्ध कराए जाने का झांसा दिया जाता था। जिसके बाद उन्हें वीजा उपलब्ध कराने और विदेश में 14 दिन क्वारेंटीन करने के नाम पर आरोपी अपने बैंक खातों में मोटी रकम ट्रांसफर कराते थे। इसके बाद अपना फर्जी मोबाइल नंबर बंद कर लेते थे। एएसपी सूरज राय ने बताया कि आरोपी और उसके साथी कई लोगों को चूना लगा चुके हैं। खास बात यह है कि गिरोह का मास्टरमाइंड विश्वजीत महज आठवीं पास है। एएसपी ने बताया आरोपी के अन्य दोनों साथियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से मोबाइल और कुछ नकदी बरामद हुई है। इसी के साथ उसके बैंक खाते को सीज कर दिया गया है।