मेरठ। सरधना कस्बे में बृहस्पतिवार की सुबह कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष के मकान में संदिग्ध हालात में विस्फोट हुआ। जिसके चलते कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष सहित दो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। घटना के पीछे मकान में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री के संचालन और सिलेंडर फटने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक कस्बे के पीरजादगान मौहल्ला निवासी आसिम कांग्रेस का पूर्व नगर अध्यक्ष था। बताया जाता है आसिम का परिवार बुधवार को मेरठ में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। बृहस्पतिवार की सुबह आसिम का दोस्त कासिम उससे मिलने घर पर आया था। इसी दौरान अचानक नौ बजे तेज धमाके के साथ आसिम का पूरा मकान धराशाई हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था की आसपास के भी कई मकानों की छत उड़ गईं और कई मकानों में दरार आ गई। घटना के चलते कस्बे में हड़कंप मच गया।
पता होते ही एसपी देहात अविनाश पांडे, तहसीलदार अवनीश त्यागी, एसडीएम अमित भारती और सीओ आरपी साही सहित कई थानों की फोर्स मौके पर दौड़ पड़ी। पुलिस ने आसपास के मकानों के मलबे के नीचे दबे लगभग डेढ़ दर्जन लोगों को बाहर निकाल कर अस्पतालों में भर्ती कराया। वहीं, आसिम के मकान में आसिम और उसके दोस्त कासिम की लाश बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्रवासियों के मुताबिक मकान में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री संचालन किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। वहीं, पुलिस पटाखे फैक्ट्री की बात से इनकार करते हुए सिलेंडर फटने को हादसे का कारण बता रही है। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी हैं।
खबरची ब्यूरो