बरेली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 70 बरस के हुए तो एक ओर जहां भाजपाइयों ने उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया। वही, यूपी की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के रूप में मनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
बरेली कॉलेज गेट पर समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में जुटे सपा नेता और कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी दिवस बताते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाइयों ने पकौड़े तले और उनको राहगीरों के बेच बेचा भी। इस दौरान सपाइयों ने सरकार विरोधी नारेबाजी भी की। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनाव के समय हर साल देश में दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था मगर आज हालात इसके बिल्कुल उलट हैं। सरकारी विभागों का निजीकरण किया जा रहा है। कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी की जा रही हैं। यूपी में तो सरकार अब सरकारी नौकरी देने से पहले पांच साल संविदा के नियम का बेरोजगार विरोधी कानून और लाने जा रही है। भाजपा सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं और सपा इनका हर स्तर पर विरोध कर रही है। सड़क से सदन तक संघर्ष के लिए हर समाजवादी तैयार है। प्रदर्शन में सपा महानगर महासचिव गौरव सक्सेना, उपाध्यक्ष प्रमोद यादव एडवोकेट, हैदर अली, क्षितिज यादव, अशफाक काजी, हाजी हसनैन, ब्रिजेश श्रीवास्तव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
खबरची/ अजय शर्मा